गाजियाबाद

विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के सत्यापन एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

गाजियाबाद : गाजियाबाद में 01 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण तथा आगामी सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत मतदान केंद्रों के सत्यापन के संबंध में कलेक्ट्रेट, में जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के सत्यापन, प्रस्तावित मतदान स्थलों तथा निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के सभी मतदान केंद्रों का सत्यापन 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक कराया जाना है। सत्यापन के उपरांत वर्तमान में 1,200 मतदाताओं के आधार पर पोलिंग स्टेशनों से संबंधित संशोधित प्रस्ताव तैयार कर राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाएगा। राजनीतिक दलों से प्राप्त सुझावों की जांच के बाद प्रस्ताव को 26 अक्टूबर 2026 तक अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर 2026 को सभी संबंधित अभिलेखों सहित प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। राजनीतिक दलों से अपील की गई कि मतदान केंद्रों के संबंध में किसी प्रकार का परिवर्तन अथवा सुझाव होने पर उसे तत्काल संबंधित उप जिलाधिकारी या जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराएं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फोटोयुक्त एकीकृत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण आयोग के निर्देशानुसार 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।
बैठक में प्रस्तुत विवरण के अनुसार जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों-लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर तथा धौलाना (आंशिक) में कुल 8,60 मतदान केंद्र, 3,071 प्रस्तावित मतदान स्थल, 3,358 नियुक्त बीएलओ तथा 336 सुपरवाइजर की व्यवस्था दर्शाई गई है। वहीं 16 अक्टूबर 2026 की मतदाता विवरण रिपोर्ट के अनुसार इन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 23,94,117 मतदाता हैं, जिनमें 13,34,854 पुरुष, 10,59,129 महिला तथा 130 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से एडीएम एल/ए अवनीश सिंह, ताहिर हुसैन समाजवादी पार्टी, मनोज कुमार बहुजन समाज पार्टी, डाक्टर बाबूराम आर्य कांग्रेस, त्रिफूल सिंह सीपीएम सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button