
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। जहानपुरा रोड स्थित बेरी के बाग में गोकशी की तैयारी कर रहे चार आरोपितों को कैराना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए चारों को दबोच लिया, जबकि दो आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से दो जीवित गोवंश, अवैध तमंचे, कारतूस, गोकशी के उपकरण और बिना नंबर प्लेट के दो वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को कैराना पुलिस संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जहानपुरा रोड स्थित बेरी के बाग में कुछ लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए घेराबंदी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तौसीफ पुत्र अरशद निवासी कांधला रोड कैराना, वसीम पुत्र नसीम निवासी काका नगर शामली, जीतू उर्फ जीत पुत्र बलजोर निवासी रसूलपुर गुजरान और महराब पुत्र इमरान निवासी माल्हीपुर थाना कांधला के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, दो जीवित गोवंश (बछिया), दो छुरी, एक कुल्हाड़ी, लकड़ी का कुटका, दो रस्सी और तौलिया बरामद किया। इसके अलावा सिल्वर रंग की वैगनआर और सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार भी बरामद हुई हैं। दोनों वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।पुलिस के अनुसार, मौके से शहजाद पुत्र मुस्तकीम निवासी हाजीपुरा शामली और मौमीन पुत्र अय्यूब निवासी भोपुरा थाना दोघट बागपत फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। मामले में कैराना थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 584/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 336(2), आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 और गोवध अधिनियम की धारा 3/5ए/8 में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


