बरेली
उप परिवहन आयुक्त मेरठ ने आरटीओ ऑफिस का किया औचक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। शासन एवं परिवहन मुख्यालय के निर्देश पर शनिवार को उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) मेरठ हरिशंकर सिंह ने संभागीय परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने कार्यालय की प्रशासनिक, तकनीकी और जनसेवा व्यवस्थाओं का परीक्षण कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, कार्यशीलता, कवरेज, रिकॉर्डिंग व्यवस्था और स्टोरेज क्षमता की जांच की, जो संतोषजनक मिली। सभी कैमरे संचालित और क्रियाशील मिले।
परिसर और आसपास अनधिकृत मध्यस्थता (बिचौलियों) की संभावना भी जांची। किसी भी कक्ष में कोई अनधिकृत व्यक्ति कार्यरत नहीं मिला और कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। पूर्व में स्थानीय प्रशासन के सहयोग से अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का भी संज्ञान लिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय आए नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। वाहन पंजीयन, वाहन अंतरण, मोबाइल नंबर अपडेट, प्रवर्तन प्रकरणों में वाहन रिलीज और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आए लोगों से पूछताछ की। आवेदकों ने कर्मचारियों के व्यवहार और कार्य निष्पादन पर संतोष जताया।
इस दौरान ARTO (प्रशासन) डॉ. पीके सरोज, ARTO (प्रवर्तन) वैभव सोती मौजूद रहे।



