बरेलीराजनीतिराष्ट्रीय

ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात

एक हजार रुपये मानदेय बढ़ा, इस सुविधा का भी मिलेगा लाभ; सीएम योगी ने किया एलान

बरेली। दिवाली से पहले प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात मिली है। अब ग्राम प्रहरियों को 3500 रुपये मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ भी मिलेगा। मंगलवार को बरेली में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने इसका एलान किया।
ूेबरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दिवाली से पहले प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने बरेली पुलिस लाइन मैदान में आयोजित कार्यक्रम के मंच से ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की। अब उनका मानदेय 2500 रुपये से बढ़कर 3500 रुपये होगा। इसके साथ ही, ग्राम प्रहरियों और उनके परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश बदल चुका है और बरेली इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले त्योहारों पर उपद्रव होते थे। अब लोग सुरक्षित माहौल में पर्व मना रहे हैं। आज मंदिरों में भीड़ उमड़ रही है और उत्सव का माहौल है। यह माहौल लोगों के विश्वास के कारण है कि वे सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री ने इस बदलाव को सामूहिक प्रयास से संभव बताया।
एक हजार रुपये मानदेय बढ़ा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पुलिस को अच्छी ट्रेनिंग मिल रही है। इन सुविधाओं का लाभ होमगार्ड, पीआरडी और ग्राम प्रहरियों को भी मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले ग्राम प्रहरियों का मानदेय 1500 रुपये था। उनकी सरकार ने 2019 में मानदेय बढ़ाकर 2500 रुपये किया था। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब यह मानदेय 3500 रुपये कर दिया गया है। ग्राम प्रहरी अपने गांव में रहकर सूचना एकत्र करें और अपने थानाध्यक्ष या दरोगा को उपलब्ध करा दें। सीएम योगी ने गांव में ग्राम प्रहरियों की भूमिका को सीसीटीवी की तरह बताया।
उत्कृष्ट ग्राम प्रहरियों का सम्मान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह करीब 11:20 बजे पुलिस लाइन मैदान पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के मंच पर अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजीपी राजीव कृष्ण भी मौजूद थे। ग्राम प्रहरियों के योगदान पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
मंच पर कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, वन मंत्री अरुण कुमार उपस्थित थे। कैबिनेट मंत्री एवं राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार और मेयर उमेश गौतम आदि भी मौजूद थे। डीजीपी राजीव कृष्ण ने सुरक्षा में ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना की। कैबिनेट मंत्री और राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह ने क्षेत्रीय बोली में कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने ग्राम प्रहरियों के महत्व पर जोर दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button