बरेली
ग्राम प्रहरी बनें गांव के सीसीटीवी, सूचना तुरंत दें पुलिस को : योगी
मानदेय 2500 से बढ़ाकर 3500 किया, 68 हजार प्रहरियों को 5 लाख तक मुफ्त इलाज

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। पुलिस लाइन में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शहरों में सीसीटीवी जिस तरह अपराधियों पर नजर रखता है, वैसे ही गांवों में ग्राम प्रहरी नजर रखें और संदिग्ध गतिविधि, भू-माफिया की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में सेवा संकल्प के तहत एक पौधा भी लगाया।
सीएम ने 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2500 से बढ़ाकर 3500 रुपये करने और 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सौगात दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का भय है, तभी निवेश, व्यापार और रोजगार बढ़ा है। प्रदेश में पहले दंगा, अराजकता थी, अब हर पर्व शांतिपूर्ण मन रहा है।
अपराध नियंत्रण पर सीएम ने कहा कि अब अपराधी और माफिया मिट्टी में मिल गए हैं, किसी गरीब की जमीन पर कोई माफिया कब्जा नहीं कर पाएगा। भू-माफिया की सूचना ग्राम प्रहरी तुरंत दें।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मानदेय बढ़ाकर संवेदनशीलता दिखाई है, ग्रामीण शांति व्यवस्था में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांव और थाने के बीच सूचना की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, मंत्री धर्मपाल सिंह, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ अरुण कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल, डीजीपी राजीव कृष्ण, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य मौजूद रहे।




