गाजियाबाद
मिशन शक्ति अभियान 6.0: महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा व आत्मरक्षा के प्रति किया जागरूक
लोनी बॉर्डर और अंकुर विहार पुलिस ने संयुक्त रूप से चलाया जागरूकता अभियान, वृद्ध आश्रम में भी मिठाई और कपड़े वितरित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान 6.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत बुधवार को कमिश्नरेट गाजियाबाद के ग्रामीण जोन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर थाना लोनी बॉर्डर और थाना अंकुर विहार पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा महिला सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान में सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य सहायक पुलिस आयुक्त अपराध शुचिता सिंह, थाना प्रभारी अंकुर विहार योगेन्द्र पंवार, मिशन शक्ति टीम इंचार्ज काजल नेगी, पिंक बूथ और एंटी रोमियो स्क्वाड की टीम शामिल रही। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बच्चों को विभिन्न परिस्थितियों में सतर्क रहने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनने और किसी भी तरह की असुरक्षा या परेशानी होने पर पुलिस से तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की। महिलाओं और बच्चों को बताया गया कि आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा संबंधी सहायता के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन के लिए 181 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है।
पुलिस टीम ने जागरूकता संदेशों वाले पंपलेट वितरित कर लोगों को सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना तथा किसी भी अप्रिय स्थिति में बिना संकोच पुलिस की मदद लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इसके अलावा पुलिस टीम ने वृद्ध आश्रम में पहुंचकर मिठाई और कपड़े भी वितरित किए


