खैरथल
11 माह की पुलिसिंग, अपराधियों पर कार्रवाई और जनता का भरोसा… अब जयपुर जाएंगी एएसपी जया सिंह
खैरथल में भावभीनी विदाई; नागरिकों और पुलिस अधिकारियों ने कार्यकाल को सराहा, पुष्पवर्षा कर दी विदाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। करीब 11 माह तक खैरथल में पुलिसिंग की कमान संभालने वाली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह का जयपुर स्थानांतरण होने पर पुलिस लाइन खैरथल में विदाई समारोह आयोजित किया गया। शहर के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न संगठनों और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान उनके कार्यकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, त्वरित समस्या समाधान और बेहतर पुलिसिंग के प्रयासों की सराहना की गई। विदाई की बेला में पुष्पवर्षा कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया गया।
अपराध पर लगाम और त्वरित कार्रवाई बनी कार्यकाल की पहचान
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि जया सिंह ने अपने कार्यकाल में पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। चोरी, ठगी और संगठित अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने के प्रयासों में उनकी भूमिका को याद किया गया। उनके स्थानांतरण पर मौजूद लोगों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल और सहयोग को भी याद किया।
बोलीं- खैरथल के लोगों का स्नेह हमेशा याद रहेगा
विदाई भाषण में एएसपी जया सिंह ने कहा कि खैरथल जिले में बिताया गया समय उनके लिए बेहद यादगार रहा। यहां के लोगों से मिला स्नेह और सहयोग हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा कि चोरी, ठगी और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने तथा जिले को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में हुए प्रयासों का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कर्तव्य निर्वहन में जाने-अनजाने किसी को ठेस पहुंची हो तो उसके लिए सहज भाव से लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने खैरथल के पत्रकारों के सहयोग की भी सराहना की।
अधिकारियों ने गुलदस्ते भेंट कर दी विदाई
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने जया सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में डीएसपी रामनिवास मीणा, डीएसपी साइबर इंद्रा, डीएसपी नेहा मीणा, किशनगढ़बास थाना प्रभारी शेरसिंह चौधरी, खैरथल थाना प्रभारी रामकिशन यादव, साइबर थाना सीआई रामावतार मीणा, महिला थाना प्रभारी नंदलाल मीणा, पीए एसपी अशोक कुमार, आरआई बनवारी लाल मीणा, एसआई बुद्धराम यादव तथा पत्रकार रवींद्र कुमार, मनीष शर्मा,जेपी जोशी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।



