सिंगरौली
ग्राम बर्दी में जन विश्वास अभियान शिविर आयोजित
राज्यमंत्री राधा सिंह ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

स्वसहायता समूहों को 12 लाख रुपये का ऋण, लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को मिला लाभ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। चितरंगी विकासखंड की ग्राम पंचायत बर्दी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह की उपस्थिति में जन विश्वास अभियान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने पर जोर दिया गया।
राज्यमंत्री राधा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनकर उनका नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत तीन बालिकाओं को लाभान्वित किया गया। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सरस्वती और संध्या स्वसहायता समूहों को छह-छह लाख रुपये, कुल 12 लाख रुपये के बैंक ऋण स्वीकृति एवं वितरण पत्र प्रदान किए गए। इससे महिला समूहों को आजीविका गतिविधियों के विस्तार और आत्मनिर्भरता में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, जनपद पंचायत अध्यक्ष सिया दुलारी, एसडीएम देवेंद्र द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



