मथुरा

भूतेश्वर अंडरपास पर रेलवे की लापरवाही, बड़ा हादसा टला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और वृंदावन जाने के लिए शहर के भूतेश्वर तिराहा स्थित रेलवे के अंडरपास से होकर निकलना पड़ता है।इससे इस मार्ग पर दिनभर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। रेलवे की ओर से कुछ दिनों पूर्व चौथी रेल लाइन डालने का कार्य किया गया है। मंगलवार दोपहर ढाई बजे रेलवे की चौथी लाइन के ट्रैक पर मालगाड़ी से गिट्टिया डाली जा रही थी।  इसी दौरान अंडरपास में मालगाड़ी के एक डिब्बे से अचानक बड़ी मात्रा में गिट्टियां नीचे सड़क पर आ गिरीं। इससे कई राहगीर घायल व वाहन क्षतिग्रस्त होने से बच गए। ट्रैक से गिट्टियां गिरता देख राहगीरों में दहशत फैल गई। लोग जहां के तहां रुक गए। इससे श्रीकृष्ण जन्मस्थान मार्ग पर जाम लग गया। कोई राहगीर या दोपहिया वाहन चालक गिट्टियों की चपेट में आ जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था। सड़क पर गिट्टियां फैलने के कारण यातायात व्यवस्था बिगड़ गई और वाहनों की कतार लगने लगी। स्थिति को देखते हुए यातायात प्रभारी शौर्य कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने वाहनों को निकलवाने का प्रयास किया। सड़क पर गिट्टियों का ढेर जमा होने से आवागमन बाधित रहा। बाद में रेलवे की ओर से सड़क पर गिरी गिट्टियों को हटवाया गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। यातायात प्रभारी ने बताया कि रेलवे की ओर से सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। गिट्टियां गिरने से बड़ा हादसा टल गया है। रेलवे के पीआरओ संजय कुमार गौतम ने कहा कि सभी को निर्देश दिए हैं कि जो भी कार्य करें सावधानीपूर्वक करें। गिट्टियां गिरने व सड़क पर ढेर लगने से आधे घंटे तक भूतेश्वर अंडरपास मार्ग पर जाम लग गया। देखते ही देखते श्रीकृष्ण जन्मस्थान गेट तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात पुलिस ने लोगों को सुरक्षित अंडरपास पार कराकर यातायात सुचारू कराया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button