साहेबगंज
दुर्गा पूजा को लेकर उपायुक्त ने विभिन्न पूजा पंडालों एवं विसर्जन घाटों का किया निरीक्षण,सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिला दंडाधिकारी-सह- उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने जिला नियंत्रण कक्ष समेत जिले के विभिन्न पूजा पंडालों,प्रमुख चौक- चौराहों एवं प्रतिमा विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा,यातायात तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान साक्षरता चौक दुर्गा मंदिर,जिरवाबाड़ी दुर्गा मंदिर, नॉर्थ कॉलोनी मैदान, कृष्णानगर बड़ी दुर्गा मंदिर सहित शहर के विभिन्न पूजा पंडालों एवं मंदिरों का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने पंडालों मेंसीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, साफ-सफाई,स्वयंसेवकों की तैनाती, अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों की समीक्षा की।साथ ही महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग तथा पंडालों एवं मंदिरों के आसपास कूड़ा-कचरा एकत्र करने हेतु डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।उपायुक्त ने भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग करने तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।पूजा पंडालों एवं प्रमुख मार्गों के निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने प्रतिमा विसर्जन घाटों का भी जायजा लिया।उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाए।विसर्जन स्थलों पर भीड़ का सुव्यवस्थित प्रबंधन,सुरक्षित आवागमन तथा अन्य सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइंद,नगर थाना प्रभारी, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।



