नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत पशुपालन विभाग पशुपालकों को स्वच्छता, मच्छर नियंत्रण और पशुजन्य बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक कर रहा है। एक से 31 अक्टूबर तक चल रहे अभियान में पशु बाड़ों की साफ-सफाई और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, गाजियाबाद डा एस पी पांडेय के निर्देशन में पशुपालकों को जापानी इंसेफेलाइटिस और लेप्टोस्पाइरोसिस जैसी बीमारियों के जोखिम तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। विभाग ने पशु बाड़ों में जलभराव रोकने, गोबर व अपशिष्ट का उचित निस्तारण करने और मक्खी-मच्छरों पर नियंत्रण रखने की अपील की है।
विशेष रूप से सूकर पालकों को बाड़ों की नियमित सफाई, सुरक्षित कीटनाशक प्रयोग और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही पशुओं की देखभाल के बाद साबुन से हाथ धोने, दूषित पानी और पशुओं के मूत्र के सीधे संपर्क से बचने तथा पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखने पर पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
पशुपालन विभाग ने कहा कि स्वच्छ पशु बाड़े और व्यक्तिगत साफ-सफाई से संक्रामक एवं वेक्टर जनित बीमारियों का खतरा कम किया जा सकता है। विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी पशुपालकों से सहयोग की अपील की है।
