अंतरराष्ट्रीयखेलराष्ट्रीय

पैरा एशियन गेम्स का उद्घाटन

भारतीय जर्सी में दिखी सिंधु घाटी सभ्यता की झलक, प्रमोद और सिमरन ने लहराया तिरंगा

आइची नागोया । जापान के राजा नारुहितो ने रविवार को पैरा एशियन गेम्स 2026 का उद्घाटन किया। 24 अक्तूबर तक चलने वाले इस आयोजन में एशिया के 45 देश हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय दल के ध्वजवाहक पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और धाविका सिमरन शर्मा रहे। भारत के 281 सदस्यीय दल में 168 खिलाड़ी शामिल हैं, जो 11 खेलों में चुनौती पेश करेंगे।
जापान के राजा नारुहितो ने रविवार को पांचवें पैरा एशियन गेम्स 2026 का आधिकारिक उद्घाटन किया। जापान के आइची-नागोया में आयोजित इस महाद्वीपीय खेल आयोजन के साथ ही पदकों के लिए मुकाबलों का औपचारिक आगाज हो गया। प्रतियोगिता 18 से 24 अक्तूबर तक चलेगी। इस बार एशिया के सभी 45 देश इसमें हिस्सा ले रहे हैं, जो पैरा एशियन गेम्स के इतिहास में पहली बार हो रहा है। उद्घाटन समारोह नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस दौरान भारतीय दल ने भी शानदार अंदाज में प्रवेश किया। पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और धाविका सिमरन शर्मा भारतीय दल के ध्वजवाहक बने और तिरंगा लेकर टीम इंडिया की अगुवाई की।
प्रमोद भगत और सिमरन शर्मा ने की भारतीय दल की अगुवाई
उद्घाटन समारोह में भारतीय खिलाड़ियों का प्रवेश खास आकर्षण रहा। पैरालंपिक कमेटी आॅफ इंडिया (पीसीआई) ने सोशल मीडिया पर भारतीय दल के मार्च का वीडियो साझा किया। कमेटी ने प्रमोद भगत और सिमरन शर्मा को ध्वजवाहक बनाए जाने को देश के लिए गर्व का क्षण बताया। प्रमोद भगत भारत के प्रमुख पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जबकि सिमरन शर्मा ने स्प्रिंट स्पधार्ओं में अपनी पहचान बनाई है। दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय तिरंगे के साथ दल की अगुवाई करते हुए देश की खेल भावना और पदक जीतने के इरादे को प्रदर्शित किया।
पहले भाविना पटेल थीं ध्वजवाहक, फिर बदला फैसला
भारतीय दल के ध्वजवाहकों के नाम में उद्घाटन समारोह से पहले बदलाव किया गया। शुरूआत में प्रमोद भगत के साथ पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, बाद में उनकी जगह सिमरन शर्मा को ध्वजवाहक बनाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, भाविना पटेल को 19 अक्तूबर को अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलना है। उद्घाटन समारोह स्थल तक आने-जाने में करीब छह घंटे लगने की संभावना थी। ऐसे में उनके आराम और अगले दिन के महत्वपूर्ण मुकाबले की तैयारी को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया। भाविना पटेल भारत की प्रमुख पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने 2018 से 2023 के बीच एशियन पैरा गेम्स में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता है। वहीं, प्रमोद भगत 2014 से 2023 के बीच इन खेलों में दो स्वर्ण और चार कांस्य पदक अपने नाम कर चुके हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button