सांसद विजय कुमार हसदा ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं सुविधाओं का लिया जायजा
MP Vijay Kumar Hansdak inspected the puja pandals and took stock of the security arrangements and facilities.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। दुर्गापूजा के अवसर पर पाकुड़ स्थित विभिन्न पूजा पंडालों का सांसद विजय कुमार हसदा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पूजा पंडालों के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा बलों को भी मुस्तैद देखा गया। सुरक्षा कर्मी प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए थे, ताकि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रहे और श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सके। मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद विजय कुमार हसदा ने कहा कि भारत की खूबसूरती इसकी विविधता और आपसी एकता में निहित है। देश में सभी वर्गों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर विभिन्न त्योंहार मनाते आए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा का पर्व भी सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मना रहे हैं। सांसद ने सभी लोगों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। इस अवसर पर अम्लान कुसुम सिन्हा, प्रकाश सिंह, मुकेश सिंह, उमर फारूक, झामुमो प्रखण्ड अध्यक्ष मुस्लेहुद्दीन शेख, मुखिया पीटर मरांडी, रेजाउल हक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



