हापुड़

पत्रकार की संदिग्ध मौत।

दबंग फ्लोर मिल के मालिक और साथियों पर लात-घूंसों से पीटने का आरोप,पिटाई के दौरान पत्रकार की हुई मौत।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

हापुड़ । जिले में रविवार को लगभग 60 वर्षीय पत्रकार नसीम अहमद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और आनन-फानन में तीन थानों की फोर्स अस्पताल व मौके पर पहुंच गई। मृतक के साथ मौजूद प्रत्यक्षदर्शी सलाउद्दीन ने बताया कि अखबार के लिए विज्ञापन मांगने को लेकर फ्लोर मिल संचालक और उसके साथियों द्वारा मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है।‌ हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला कोठी गेट निवासी 60 वर्षीय पत्रकार नसीम अहमद रविवार को जरौठी रोड पर एक फ्लोर मिल गए थे। मृतक नसीम के साथ मौजूद प्रत्यक्षदर्शी सलाउद्दीन ने बताया कि वे लोग दीपावली के विज्ञापन के सिलसिले में जरौठी रोड स्थित अशोक कुमार तोड़ी वालों के यहां गए हुए थे। गाड़ी में नसीम अहमद और ड्राइवर बैठे थे जबकि सलाउद्दीन के साथ दो महिलाएं भी मौजूद थीं। सलाउद्दीन का आरोप है कि विज्ञापन मांगने की बात पर वहां विवाद शुरू हो गया। आरोपियों ने उन्हें फर्जी पत्रकार बताते हुए वहां से भगाने की कोशिश की और देखते ही देखते मालिक सहित 8 से 10 लोगों ने उन पर हमला बोल दिया । प्रत्यक्षदर्शी का दावा है कि उसके साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की गई। इसके बाद पत्रकार नसीम की अचानक तबीयत बिगड़ गई,आनन-फानन में नसीम को हापुड़ की गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई तथा परिवार में कोहराम मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हापुड़ एसपी मधुवन सिंह सहित हापुड़ देहात, हापुड़ कोतवाली और बाबूगढ़ थाने की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंच गई।

एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मामला थाना हापुड़ देहात का है पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। हर पहलू की जांच की जा रही है और मौत के असल कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button