सिंगरौली
पुलिस स्मृति दिवस की तैयारियां अंतिम चरण में
पुलिस लाइन में शहीद स्मृति परेड का पूर्वाभ्यास

एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा की मौजूदगी में जवानों ने किया रिहर्सल, 21 अक्टूबर को शहीद पुलिसकर्मियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। पुलिस स्मृति दिवस के आयोजन को लेकर सिंगरौली पुलिस की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 21 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस लाइन सिंगरौली में शहीद स्मृति परेड का पूर्वाभ्यास किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परेड का अभ्यास किया।
परेड कमांडर सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में जवानों ने अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ परेड संचालन, सलामी, शोक सलामी, शहीदों के नामों का वाचन, बिगुल की निर्धारित धुनों तथा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
प्रोटोकॉल और अनुशासन पर जोर
पूर्वाभ्यास के दौरान एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा ने तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने, समयबद्धता बनाए रखने और सभी व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। उद्देश्य है कि मुख्य आयोजन गरिमामय और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
हॉट स्प्रिंग्स के वीर जवानों के बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है दिवस
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवानों ने देश की सुरक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया जाता है। सिंगरौली में आयोजित होने वाली शहीद स्मृति परेड के माध्यम से भी अमर पुलिस शहीदों को नमन किया जाएगा और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण का स्मरण किया जाएगा।



