हसनपुर नगर में निकली भव्य श्रीराम-भरत मिलाप शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर। विजयदशमी पर्व के उपरांत बुधवार को श्री शिव महामंडल रामलीला समिति के तत्वावधान में नगर में श्रीराम-भरत मिलाप की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ प्रभु श्रीराम की आरती के साथ हुआ। यात्रा के दौरान नगर का माहौल भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
शोभायात्रा श्री झारखंड महादेव शिवाला मंदिर से प्रारंभ होकर मोहल्ला मनापुर, अंबेडकर पार्क, वर्मा मार्केट, इंदिरा चौक, पुरानी तहसील, पंसारा बाजार, दरबार और रहरा चौराहे से होते हुए पुरानी घास मंडी, जामा मस्जिद, पुराना डाकघर तथा श्रीमती सुखदेवी इंटर कॉलेज के रास्ते वापस शिवाला मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव और विभीषण सहित विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। राजस्थान से आए कलाकारों के नृत्य ने लोगों का मन मोह लिया। वहीं, बैंड की धार्मिक धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सरोहा पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
इस मौके पर समिति अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, योगेंद्र शर्मा, अर्जुन यादव, जयपाल सैनी, गिरधारी लाल सैनी, पुनीत अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, पप्पू गिरी, संजीव शर्मा, देवेंद्र शर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य एवं नगरवासी मौजूद रहे।



