17 गांव की जाटव समाज खाप पंचायत के चौधरी बने चंद्रपाल प्रधान
बहुमत के समर्थन से हुआ चयन, समाज की एकता और भाईचारे को मजबूत करने की अपील
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद): पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं एनसीआर क्षेत्र के 17 गांव की ऐतिहासिक जाटव समाज खाप पंचायत के नए चौधरी/मुखिया के रूप में ग्राम मिलक निवासी चंद्रपाल प्रधान को सर्व सम्मति से चुना गया है। समाज की पंचायत में विकास नगर स्थित डालचंद मैरिज होम में आयोजित विभिन्न गांवों की सरदारी और चौधरियों की मौजूदगी में यह चयन किया गया।
पूर्व चौधरी स्वर्गीय इन्द्राज प्रधान के निधन के बाद नए मुखिया के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। पंचायत में विभिन्न गांवों से पांच दावेदारों के नाम सामने आए। सभी दावेदारों को आपसी सहमति बनाने का अवसर दिया गया। इस दौरान संजय कुमार ने भी चंद्रपाल प्रधान के नाम का समर्थन किया। इसके बाद उपस्थित सरदारी और चौधरियों के बहुमत के आधार पर चंद्रपाल प्रधान को नया चौधरी घोषित किया गया।
चयन के बाद जारी सार्वजनिक सूचना में कहा गया कि खाप पंचायत का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, एकता, सम्मान और सहयोग बनाए रखना है। साथ ही समाज के लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह और आपसी मतभेद से बचने की अपील की गई।
नवनिर्वाचित चौधरी के नेतृत्व में समाज की एकता मजबूत करने, शिक्षा, सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं गुरु रविदास महाराज के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया है।

