संभल

ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन कार्यकर्ताओं ने मनाया शहादत दिवस

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

संभल। शहीद भगत सिंह पार्क में शहीदों की याद में शहीद दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह पार्क में एकत्रित होकर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस दौरान भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहीद दिवस को साम्राज्यवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के जिला अध्यक्ष श्री सोमपाल सिंह द्वारा भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की।
सभा को संबोधित करते हुए सोमपाल सिंह ने कहा कि जिन आदर्शों और संघर्षों के लिए भगत सिंह और उनके साथियों ने अपने प्राण न्यौछावर किए, आज उन्हीं मूल्यों पर पुनः खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में वैश्विक शक्तियों के प्रभाव में कृषि नीतियों पर ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं, जो किसानों और मजदूरों के हितों के प्रतिकूल हैं।
उन्होंने सभी किसान-मजदूरों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया और सरकार से मांग की कि किसी भी ऐसे समझौते से बचा जाए, जिससे देश के कृषि क्षेत्र और आम किसानों को नुकसान पहुंचे।
सभा में किरतपाल सिंह, चौधरी नवकेश चहल, मास्टर महेंद्र सिंह, कल्लन सिंह, देवेंद्र सिंह, विजय सिंह, अंकित सिंह, भगवान सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button