संभल

जनप्रतिनिधियों को दी कृषि निर्यात योजनाओं की जानकारी

सम्भल से कृषि निर्यात बढ़ाने पर जोर।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सम्भल। कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग के निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने जनपद में कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों से शिष्टाचार भेंट कर विभागीय योजनाओं एवं कृषि निर्यात की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने सम्भल विधायक इकबाल महमूद तथा सम्भल सांसद जिया उर रहमान वर्क के प्रतिनिधि ममलूक उर रहमान वर्क को विभाग की जानकारी पुस्तिका (बुकलेट) भेंट की और कृषि निर्यात नीति के विभिन्न प्रावधानों से अवगत कराया। अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद सम्भल से मुख्य रूप से मेंथा एवं बासमती चावल का निर्यात किया जाता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति-2019 के अंतर्गत कृषि उत्पादों के निर्यात पर परिवहन अनुदान की व्यवस्था है, जिसका लाभ पात्र निर्यातक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर प्राप्त कर सकते हैं। गत वर्ष विभागों एवं जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से पहली बार जनपद सम्भल से आलू का निर्यात बहरीन के लिए किया गया था। इस ऐतिहासिक निर्यात को जिलाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जिले के कृषि निर्यात क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
निरीक्षक ने बताया कि जिले के कई किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) को भी निर्यात गतिविधियों से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। कुछ एफपीओ निर्यात के लिए आवश्यक लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेज तैयार करा रहे हैं। इसके अलावा एफपीओ के प्रतिनिधि को हैदराबाद में आयोजित कृषि निर्यात प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग कराया गया, जहां उन्होंने निर्यात प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की। जनपद सम्भल में कृषि निर्यात की अपार संभावनाएं हैं। सभी विभागों के समन्वित प्रयास एवं किसानों की सक्रिय भागीदारी से कृषि निर्यात को नई गति दी जा सकती है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।इस अवसर पर विधायक इकबाल महमूद ने कहा कि सम्भल में आलू का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है, इसलिए इसके निर्यात की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने मेंथा के साथ-साथ बासमती चावल के निर्यात को भी प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
वहीं सांसद प्रतिनिधि ममलूक उर रहमान वर्क ने कहा कि जनपद सम्भल से आलू निर्यात को विशेष प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इससे किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध होगा, उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा तथा हमारे जनपद की कृषि अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button