
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : म.प्र. शिक्षक कांग्रेस जिला बालाघाट ने जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत उच्च पद प्रभार प्राप्त शिक्षकों के पदस्थापना आदेश शीघ्र जारी किए जाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने कहा कि विभाग द्वारा प्राचार्य (एच.एस.एस.), प्राचार्य (एच.एस.) एवं व्याख्याता सहित विभिन्न उच्च पदों पर प्रभार आदेश तो जारी कर दिए गए हैं, लेकिन अब तक पदस्थापना संबंधी आदेश जारी नहीं किए गए हैं, जिससे संबंधित शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में पदोन्नति प्रक्रिया के संबंध में शासन स्तर से निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन पदोन्नति आरक्षण संबंधी मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई। इसके बाद विभाग द्वारा उच्च पदों पर प्रभार संबंधी आदेश जारी किए गए, लेकिन पदस्थापना आदेश लंबित हैं।
म.प्र. शिक्षक कांग्रेस ने आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि जिन शिक्षकों को उच्च पद का प्रभार दिया गया है, उनके पदस्थापना आदेश जल्द जारी किए जाएं, ताकि प्रशासनिक कार्यों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
संगठन ने विशेष रूप से अतिरिक्त प्राचार्य, उच्च श्रेणी शिक्षक एवं अन्य संबंधित पदों के लंबित पदस्थापना आदेशों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।




