मथुरा
मथुरा में 112 के बेड़े में शामिल हुईं 16 नई बाइक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। मथुरा जिला में आपातकालीन पुलिस सहायता प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ और त्वरित बनाने के लिए यूपी-112 के द्वितीय फेज के तहत बेड़े का विस्तार किया गया है। पुलिस लाइन से आज अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)/नोडल-112 सुरेश चंद्र रावत ने हरी झंडी दिखाकर 16 नए दोपहिया (पल्सर) पीआरवी वाहनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। इस दौरान यूपी-112 के प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर और एसआईएमटी नीतू सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जनपद में पहले से 66 चार पहिया और 21 दो पहिया गाड़ियां मिलाकर कुल 87 पीआरवी संचालित थीं। अब 16 नई बाइकों के आने के बाद यह संख्या बढ़कर 103 हो गई है। वर्तमान में मथुरा पुलिस का औसत रिस्पांस टाइम करीब 5.11 मिनट है। अधिकारियों का दावा है कि इन अतिरिक्त संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आसानी से पहुंचने वाले वाहनों के आने से यह समय और घटेगा, जिससे पीड़ितों को त्वरित सहायता मिल सकेगी। ये सभी नई पीआरवी जीपीएस, कैमरे, एमडीटी मोबाइल फोन, प्राथमिक चिकित्सा किट, रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च, पानी की बोतल और घटनास्थल को सुरक्षित करने वाले प्राथमिक फॉरेंसिक उपकरणों से पूरी तरह लैस हैं।



