रानीश्वर में सूखा कचरा प्रबंधन अभियान की शुरुआत, ग्रामीणों को जागरूक करने पर जोर
Dry waste management campaign launched in Ranishwar; emphasis on raising awareness among villagers.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। उपायुक्त दुमका के निर्देश पर रानीश्वर प्रखंड के हरिपुर पंचायत सचिवालय में सोमवार को “सूखा कचरा प्रबंधन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक कुमार सोरेन एवं उप विकास आयुक्त दुमका द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रानीश्वर राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रखंड की चयनित आठ पंचायतों—हरिपुर, पाटजोर, सुखजोड़ा, गोविंदपुर, आसनबनी, रंगालिया, कुमीरदाहा और सादीपुर में सूखा कचरा प्रबंधन की तैयारी पूरी कर कचरा उठाव कार्य शुरू किया जा रहा है। उप विकास आयुक्त ने सूखा कचरा प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कचरे का सही संग्रह, छंटाई, पुनर्चक्रण और पुनः उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ संसाधनों की बचत की जा सकती है। विधायक आलोक कुमार सोरेन ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से सूखा कचरा उचित तरीके से निपटाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं डीडीसी द्वारा पंचायतों को सूखा कचरा प्रबंधन के लिए ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के माध्यम से लाभुकों को पारंपरिक वाद्य यंत्र, पूजन सामग्री, व्हील चेयर, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के नियुक्ति पत्र, मुर्गी चूजा, धोती-साड़ी एवं आजीविका सखी मंडल को 75 हजार रुपये का ऋण चेक भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर विधायक द्वारा 15वें वित्त आयोग मद से निर्मित हरिपुर पंचायत सचिवालय परिसर स्थित ओपन जिम का उद्घाटन भी किया गया। कार्यक्रम में अंचल अधिकारी, प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



