शेरशाहवादी जाति प्रमाण पत्र के लिए पाकुड़ में भी बने समिति, आलमगीर आलम ने डीसी को लिखा पत्र
Alamgir Alam writes to the DC, seeking the formation of a committee in Pakur for Shershahbadi caste certificates.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। शेरशाहवादी समुदाय के लोगों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री एवं पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक आलमगीर आलम ने पाकुड़ उपायुक्त को पत्र लिखकर जिले में भी जांच समिति गठित करने की मांग की है। आलमगीर आलम ने कहा कि साहिबगंज जिले में उपायुक्त के निर्देश पर एक समिति गठित की गई है, जो बरहरवा, राजमहल और उधवा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में जाकर शेरशाहवादी समुदाय के लोगों की स्थिति की जांच कर रही है। इसी तर्ज पर पाकुड़ जिले में भी समिति बनाकर गांवों में जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि पाकुड़ जिले में भी बड़ी संख्या में शेरशाहवादी समुदाय के लोग निवास करते हैं और लंबे समय से जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि साहिबगंज और पाकुड़ दोनों जिलों से जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी जाती है, तो इस दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू करने में मदद मिलेगी। पूर्व मंत्री ने बताया कि पिछले दिनों बरहरवा प्रखंड में शेरशाहवादी समुदाय के लोगों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना दिया गया था। धरना स्थल पर पदाधिकारियों और उनकी मौजूदगी में आंदोलनकारियों को समिति गठित कर जांच कराने का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद साहिबगंज में जांच प्रक्रिया शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि पाकुड़ में भी समिति गठित कर जांच कराई जाए, ताकि शेरशाहवादी समुदाय के लोगों को जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों का समाधान हो सके और राज्य सरकार के स्तर पर आवश्यक पहल की जा सके।



