छह साल की बच्ची को कोल्ड ड्रिक्स दिलाने के बहाने बुलाकर दो आरोपियों ने किया गैंगरेप।
18 व 20 साल के दोनाें आरोपित हैं चचेरे भाई।

गांव में पंचायत करके मामले को दबाने का किया गया प्रयास लेकिन मासूम को ब्लीडिंग ज्यादा होने पर बिगड़ी बच्ची की हालत के बाद पुलिस को दी गई सूचना। गैंगरैप व पाक्सो के धारा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हापुड । जनपद के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छह साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले दो चचेरे भाईयों ने छह साल की मासूम बच्ची को कोल्ड ड्रिक्स दिलवाने के बहाने से बुलाया और थोड़ी दूरी खेत में सुनसान क्षेत्र में ले जाकर गैंगरैप की वारदात को अंजाम दिया। लहूलुहान हालत में घर पहुंचकर बच्ची ने घटना की जानकारी परिवार को दी। इस पर गांव के कुछ लोग पंचायत करके मामले को दबाने का प्रयास करने लगे लेकिन जब देर रात तक बच्ची की ब्लीडिंग नहीं रुकने पर बच्ची की हालत बिगड़ने लगी तो पिलखुवा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि आरोपित दोनों भाई फरार हैं। उनके परिवार के दो सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार , पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी गांव के व्यक्ति ने एक महीने पहले ही एक मकान खरीदा था। जिसमें वह दो सप्ताह पहले ही अपने परिवार के साथ रहने लगा। रविवार की देर शाम को करीब छह बजे परिवार की छह साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक अभिषेक आया और बच्ची के साथ खेलने लगा। वह बच्ची को कोल्ड ड्रिक्स दिलाने के बहाने से अपने साथ ले गया। तभी उसका चचेरा भाई निकी भी आ गया। वह बाइक से बच्ची को गांव के बाहर एकांत क्षेत्र में खेत में ले गए और दोनों ने उसके साथ गैंग रेप किया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर दोनों बच्ची को घर के पास छोड़कर अपने-अपने घर चले गए । इसके बाद पास से गुजर रहा कोई ग्रामीण बच्ची को लहूलुहान हालत में लेकर घर पहुंचा और घर पर बच्ची ने घटना की जानकारी दी। इस पर गांव के कुछ जिम्मेदार लोग एकत्र हो गए और दोनों युवकों को बुलाकर जमकर पिटाई की गई। दोनों की पिटाई के बाद बिरादरी की दुहाई देकर मामले को दबाने का पंचायत में निर्णय लिया गया। लेकिन देर रात तक जब बच्ची ब्लीडिंग नहीं रुकी और बच्ची की हालत बिगड़ने लगी तो पिलखुवा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। जबकि दोनों आरोपित युवक मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने उनके दो स्वजन को हिरासत में ले लिया है।
सीओ पिलखुवा मुनेश चंद्रा ने बताया कि , थाना पिलखुवा पर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी नाबालिग पुत्री घऱ के बाहर खेल रही थी, तभी गांव के ही 02 लड़के उसकी पुत्री को बाइक पर बैठाकर ले गये एवं उसकी पुत्री के साथ गलत काम किया है, इस सूचना पर तत्काल थाना पिलखुवा पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु 03 टीमें गठित कर सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं।



