
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हनवारा/गोड्डा : हनवारा थाना क्षेत्र के मननकरहिया करारिया गांव में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान नौशाद अंसारी (45 वर्ष), मननकरहिया गांव के निवासी रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौशाद अंसारी सुबह लगभग 8:30 बजे खेत की जुताई कराने के लिए खेत पहुंचे थे। बताया जाता है कि गांव के अनुरुद्ध चौकीदार ने बिजली के खंभे से करीब 500 मीटर दूर खेत तक मोटर चलाने के लिए बिजली का तार बिछाया था। इसी दौरान नौशाद अंसारी खेत में पड़े तार को हटाने का प्रयास कर रहे थे, तभी वे करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही हनवारा थाना प्रभारी ध्रुव कुमार तथा महागामा इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटना से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। करीब छह घंटे तक चले जाम के बाद आपसी सहमति बनी, जिसमें अनुरुद्ध चौकीदार द्वारा मृतक के परिजनों को 5 लाख 50 हजार रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। इसके बाद जाम हटाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



