गोड्डा

विद्यालयों में होगी ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पथरगामा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पथरगामा डाकघर द्वारा छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने एवं डाक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालयों में “राखी बनाओ और भेजो” प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस पहल के तहत छात्राएं अपने हाथों से बनाई गई राखी को विद्यालय परिसर से ही शाखा डाकपाल, पथरगामा के माध्यम से स्पीड पोस्ट द्वारा अपने प्रियजनों को भेज सकेंगी। प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय से चयनित 10 प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं, संथाल परगना प्रमंडल स्तर पर चयनित शीर्ष 10 प्रतिभागियों को डाक विभाग द्वारा विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 70 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। इसमें 55 रुपये स्पीड पोस्ट शुल्क, 10 रुपये विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफा तथा 5 रुपये प्रबंधन शुल्क शामिल है। राखी भेजने के लिए विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे पथरगामा डाकघर में उपलब्ध रहेंगे। रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पथरगामा डाकघर में राखी की स्पीड पोस्ट बुकिंग के लिए विशेष काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि ग्राहकों को लंबी कतारों में इंतजार न करना पड़े और उनकी राखियां सुरक्षित एवं समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। डाक विभाग ने सभी विद्यालयों, छात्राओं एवं आम नागरिकों से इस विशेष पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी राखी को सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के लिए स्पीड पोस्ट सेवा का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button