बाराबंकी
सफदरगंज पुलिस ने रात के अंधेरे में ग्रामीणों की भैंस चोरी करने वाले 9 शातिर चोरो को किया गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी में सफदरगंज पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 9 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किया गया एक पड़वा (भैंस का बच्चा), अवैध हथियार और नकदी सहित वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, 9,300 रुपये नकद, एक महिंद्रा पिकअप, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। इस सफलता में थाना प्रभारी अमर चौरसिया, चौकी प्रभारी ऋषभ सिंह चंदेल, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल पवन कुमार, कांस्टेबल हरिकांत यादव, कांस्टेबल सूरज और हेड कांस्टेबल मनीष गुप्ता की टीम शामिल थी।
पूछताछ में सामने आया कि यह संगठित गिरोह बाराबंकी और आसपास के जिलों में पहले रेकी करता था। इसके बाद वे पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी किए गए पशुओं को रास्ते में या पशु बाजारों में बेच दिया जाता था।
जांच के दौरान, 10/11 जुलाई 2026 की रात थाना सफदरगंज क्षेत्र के ग्राम लक्षबर बजहा से एक भैंस और एक पड़वा चोरी होने का मामला सामने आया। आरोपियों ने भैंस को पिकअप वाहन में लादकर बेच दिया था, जबकि पड़वा बरामद कर लिया गया है। इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बाराबंकी और सीतापुर जिलों के निवासी शामिल हैं। इनमें से कई के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और अन्य गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। तीन आरोपियों के पास से अवैध तमंचे मिलने पर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
सफदरगंज पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस चोरी के अन्य मामलों में भी इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है।



