
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग धनबाद जिले के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी कर लौट रही हजारीबाग जिले के चलकुसा थाना की पुलिस टीम मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में एक पुलिस जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज धनबाद के बरामुड़ी स्थित अशर्फी अस्पताल में चल रहा है। सुबह चार बजे जीटी रोड पर हुआ हादसा जानकारी के अनुसार चलकुसा थाना की पुलिस टीम मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब चार बजे बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ा पीपल के समीप जीटी रोड पर पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर पहले से सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पुलिस जवान राम लखन यादव की मौत हो गई। वहीं नरेश कुमार, ग्रीन पासवान और गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल बाहर निकालकर धनबाद के बरामुड़ी स्थित अशर्फी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे का मुख्य कारण वाहन की तेज रफ्तार मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस वाहन काफी गति से चल रहा था, जिसके कारण चालक सड़क पर पहले से खड़े ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका और वाहन सीधे पीछे से ट्रेलर में जा घुसा। हादसे की भीषणता से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रेलर सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इस हादसे में चलकुसा थाना के जवान राम लखन यादव की मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से होने वाले हादसों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




