ललितपुर

जिले की 70 ग्राम पंचायतों में डेढ़ माह से सचिवों के पद खाली, विकास कार्य ठप

अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, तत्काल तैनाती न होने पर आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद की करीब 70 ग्राम पंचायतों में पिछले डेढ़ माह से ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम विकास अधिकारियों (वीडीओ) पद रिक्त होने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य बुरी तरह प्रभावित हो गए हैं। पंचायतों में जरूरी प्रशासनिक कार्य ठप पड़े हैं, जिससे आम ग्रामीणों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सचिवों की तैनाती की मांग की है। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के प्रदेश महासचिव कुं.गजेन्द्र सिंह बुन्देला के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि जनपद के सभी छह विकास खंडों की लगभग 70 ग्राम पंचायतों में सचिवों और ग्राम विकास अधिकारियों के स्थानांतरण हुए करीब डेढ़ माह बीत चुका है। इसके बावजूद अब तक न तो नए अधिकारियों को कार्यभार सौंपा गया है और न ही रिक्त पंचायतों में नई तैनाती की गई है। परिणामस्वरूप ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं का संचालन प्रभावित हो गया है और पंचायत स्तर के अधिकांश कार्य बंद पड़े हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि सचिवों के अभाव में जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र से संबंधित प्रक्रियाएं बाधित हो गई हैं। नए शैक्षणिक सत्र के दौरान विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेज नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उनके एडमिशन प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, न्यायालयों में लंबित मामलों में परिवार रजिस्टर की नकल न मिलने से वादकारियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधान संगठन का आरोप है कि पिछले डेढ़ माह से लगातार संबंधित अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। संगठन का कहना है कि यदि शीघ्र ही सभी रिक्त ग्राम पंचायतों में सचिवों और ग्राम विकास अधिकारियों की नियुक्ति नहीं की गई तो ग्रामीणों के हित में आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में अखिल भारतीय प्रधान संगठन प्रदेश महासचिव कुं.गजेन्द्र सिंह बुन्देला एवं प्रशासक ग्राम पंचायत अमरिया, विकास खंड बिरधा, वरिष्ठ अधिवक्ता हरदयाल सिंह लोधी एड., ग्राम प्रधान छिल्ला गुंजन सिंह राजपूत सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button