संभल

श्रावण मास कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की समीक्षा बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

संभल/बहजोई। 14 जुलाई 2026 आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को बहजोई स्थित कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ धर्मगुरुओं, मंदिरों के पुजारियों, डीजे संचालकों तथा पीस कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग पर सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में धर्मगुरुओं एवं पीस कमेटी के सदस्यों से भी सहयोग की अपील की गई। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों एवं भ्रामक पोस्टों से बचने तथा किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित यात्रा मार्ग, समय और ध्वनि मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने की अपील की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु, मंदिरों के पुजारी, डीजे संचालक एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button