गोड्डा

उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुलसीकित्ता की दो रसोइया झुलसीं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
पथरगामा। प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुलसीकित्ता में मंगलवार को मिड-डे मील के तहत लड्डू बनाने के दौरान गैस चूल्हे में अचानक आग भड़क जाने से दो रसोइया झुलस गईं। घटना के बाद विद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घायलों की पहचान प्रतिमा देवी (45 वर्ष) एवं अरुणा देवी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रतिमा देवी ने बताया कि लड्डू बनाने के दौरान जैसे ही गैस चूल्हे को लाइटर से जलाया गया, अचानक सिलेंडर की ओर से आग भभक उठी और दोनों उसकी चपेट में आ गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान की देखरेख में डॉ. मनीष ने दोनों रसोइयों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति सामान्य है तथा वे खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने रसोईघर में गैस उपकरणों की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की बात कही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button