गोड्डा

गोड्डा सदर अस्पताल में CT स्कैन, MRI मशीन और रेडियोलॉजिस्ट की मांग

स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन

आधुनिक जांच सुविधाओं के अभाव में मरीजों को दूसरे शहरों का करना पड़ रहा रुख
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। गोड्डा सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर झामुमो जिला अध्यक्ष प्रेमनंदन कुमार ने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री इरफान अंसारी के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में सदर अस्पताल में अत्याधुनिक सीटी स्कैन (CT Scan) मशीन, एमआरआई (MRI) मशीन की स्थापना तथा योग्य रेडियोलॉजिस्ट की स्थायी नियुक्ति की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि गोड्डा जिले की बढ़ती आबादी के बावजूद आज भी सदर अस्पताल में सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। दुर्घटना, सिर की चोट, ब्रेन स्ट्रोक, कैंसर, रीढ़ की हड्डी सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जांच के लिए देवघर, भागलपुर, रांची एवं अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों का समय और धन दोनों खर्च होता है तथा कई बार इलाज में देरी के कारण जान का भी खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण अल्ट्रासाउंड सहित अन्य रेडियोलॉजी सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। यदि भविष्य में सीटी स्कैन और एमआरआई मशीन उपलब्ध भी हो जाएं, तब भी विशेषज्ञ चिकित्सक के बिना उनका संचालन संभव नहीं होगा।ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की गई है कि गोड्डा सदर अस्पताल में जल्द से जल्द एक अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन, एक एमआरआई मशीन तथा योग्य रेडियोलॉजिस्ट की स्थायी नियुक्ति की जाए, ताकि जिले सहित संपूर्ण संताल परगना के हजारों मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। जिला अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि सरकार जनहित में इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button