गाजियाबाद

विश्व युवा कौशल दिवस पर जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद ने आयोजित किए विविध कार्यक्रम

380 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद।  विश्व युवा कौशल दिवस की 11वीं वर्षगांठ के अवसर पर कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कौशल विकास, जागरूकता और प्रतियोगिताओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह के निर्देशन में  लोनी, रजापुर,भोजपुर और मुरादनगर विकास खंडों के अनेक गांवों एवं कॉलोनियों में कार्यक्रम संपन्न हुए।
शक्तिनगर डासना स्थित संस्थान कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि रहे, जबकि ग्राम त्यौड़ी में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद अब्दुल कलाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम अधिकारी गुरुदीन ने किया।
इस वर्ष विश्व युवा कौशल दिवस की थीम “साझा भविष्य के लिए कौशल (Skills for a Shared Future)” रही। कार्यक्रम में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल तकनीक, हरित अर्थव्यवस्था, उद्यमिता तथा आजीवन सीखने के महत्व से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में कौशल विकास के साथ वित्तीय साक्षरता भी युवाओं के लिए आवश्यक है। साथ ही केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
ग्राम त्यौड़ी में कंप्यूटर स्किल, मेहंदी, निबंध, रंगोली, पेंटिंग और ड्रेस मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कंप्यूटर स्किल प्रतियोगिता में इकरा ने प्रथम, वकार ने द्वितीय और निदा खान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ड्रेस मेकिंग प्रतियोगिता में अखलता प्रथम, मेहविश द्वितीय तथा मोनी तृतीय रहीं। वहीं लोनी के लक्ष्मी गार्डन में आयोजित प्रतियोगिताओं में मेहंदी में प्राची, निबंध लेखन में अनोखी और चित्रकला में प्रियांशी प्रथम रहीं। विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम त्यौड़ी में जागरूकता रैली भी निकाली गई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में आईटीआई मुरादनगर में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार मेले में जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद के लगभग 30 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। मेले में संस्थान द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा लाभार्थियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों जैसे कंप्यूटर, सिलाई, जूट क्राफ्ट, कृत्रिम आभूषण, हाथ की कढ़ाई, जैम, जेली आदि का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक कार्यक्रम अधिकारी मोहित, क्षेत्रीय सहायक पंकज त्यागी, कंप्यूटर ऑपरेटर रहनुमा, लेखाकार रामकुमार चौहान, कार्यालय सहायक रामराज सहित संस्थान के प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
जन शिक्षण संस्थान के अनुसार, विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जिले भर से करीब 380 लोगों ने प्रतिभाग किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button