बालाघाट

गड़ा धन पाने की लालच में महिला पर जानलेवा हमला

पुलिस ने 48 घंटे में 9 आरोपियों को दबोचा

दो आरोपी अब भी फरार, वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोबाइल जब्त, साइबर सेल की मदद से सुलझा मामला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कलकत्ता में गड़ा धन पाने की लालच में एक महिला पर किए गए जानलेवा हमले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
जानकारी के अनुसार 12 जुलाई की रात ग्राम कलकत्ता निवासी लीलाबाई महेश्वरे के घर में कुछ बदमाश हथियारों से लैस होकर घुस गए। आरोपियों ने महिला पर जानलेवा हमला कर घर में गड़ा धन तलाशने का प्रयास किया। घटना के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही किरनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराया। जांच के दौरान घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद साइबर सेल की तकनीकी सहायता से मोबाइल की जांच की गई, जिसके आधार पर पुलिस संदेही वंश कुथे निवासी रजेगांव तक पहुंची।
पुलिस हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में वंश कुथे ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि लीलाबाई महेश्वरे के घर में कथित “डबल मनी” योजना से प्राप्त बड़ी रकम जमीन में गाड़कर रखी गई है। इसी लालच में उन्होंने पूरी योजना बनाई और रात के समय हथियारों के साथ घर में घुसकर महिला पर हमला किया। इसके बाद घर में गड़ा धन खोजने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें कोई रकम नहीं मिली और वे मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो चाकू एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में शुभम हिंगे एवं रामा भोयर, दोनों निवासी रजेगांव, अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, एफएसएल जांच एवं साइबर सेल की तकनीकी सहायता से महज 48 घंटे के भीतर इस गंभीर मामले का सफल खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इस त्वरित कार्रवाई से जिले में गंभीर अपराधों के प्रति पुलिस की सक्रियता और तत्परता एक बार फिर सामने आई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button