
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ आगामी 1 दिसंबर को प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन करेगा। इस आंदोलन के माध्यम से पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में प्रदेशभर के श्रमजीवी पत्रकार अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करेंगे।
मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का कहना है कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं। विषम परिस्थितियों में भी पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसमस्याओं को सामने लाते हैं और आम जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें निर्भीक होकर कर्तव्य पालन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। संघ की मांग है कि पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट लागू होने से पत्रकारों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा।
इस प्रदेशव्यापी आंदोलन में बालाघाट जिले के पत्रकार भी सहभागिता करेंगे। संघ के जिला अध्यक्ष इंद्रजीत भोज ने जिले के समस्त पत्रकार साथियों से धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने पत्रकारों से संगठन की एकजुटता को मजबूत बनाने तथा पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष रखने के लिए आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया है।




