बोकारो

सदर अस्पताल बोकारो की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल।

आम आदमी पार्टी ने उपायुक्त एवं सिविल सर्जन को सौंपा ज्ञापन।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। जिला इकाई ने आज बुधवार, 15 जुलाई 2026 को जिला संयोजक धर्मेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में बोकारो जिले के उपायुक्त अजय नाथ झा एवं सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद को सदर अस्पताल बोकारो में स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर अव्यवस्था तथा एक 10 वर्षीय बच्ची की कथित रूप से समय पर उपचार नहीं मिलने के बाद हुई दुखद मृत्यु के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने जिला प्रशासन का ध्यान इस गंभीर घटना की ओर आकृष्ट करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

उठाए गए प्रमुख प्रश्न

1. समय पर चिकित्सकीय उपचार क्यों नहीं मिला?
चन्दनकियारी प्रखंड के बनगड़िया ग्राम की 10 वर्षीय बच्ची दस्त, उल्टी, पेट दर्द एवं डी-हाइड्रेशन की शिकायत लेकर परिजनों के साथ शाम को सदर अस्पताल पहुँची। आरोप है कि लंबे समय तक कोई चिकित्सक बच्ची को देखने नहीं आया, जिसके कारण पूरी रात परिजन परेशान रहे और उपचार के अभाव में बच्ची की मृत्यु हो गई। पार्टी ने पूछा कि इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन है।

2. अन्य मरीजों में भय का वातावरण
घटना के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य बच्चों के परिजन स्वास्थ्य व्यवस्था से भयभीत होकर अपने बच्चों को निजी अस्पतालों में ले जाने लगे। पार्टी का कहना है कि यह स्थिति जिले की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था, विशेषकर बाल चिकित्सा सेवाओं, पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

3. PICU वार्ड अभी तक चालू क्यों नहीं?
कोरोना काल में बच्चों के विशेष उपचार हेतु सदर अस्पताल में 10 ऑक्सीजनयुक्त बेड एवं वेंटिलेटर सुविधा से युक्त PICU (Pediatric Intensive Care Unit) का निर्माण किया गया था। इसके बावजूद यह वार्ड अब तक पूर्ण रूप से संचालित नहीं हो सका है। पार्टी ने इसकी उपयोगिता, रखरखाव एवं संचालन में हो रही देरी की जांच की मांग की।

आम आदमी पार्टी ने कहा कि बोकारो जिले की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य संस्था में इस प्रकार की अव्यवस्था अत्यंत चिंताजनक है। भविष्य में किसी भी मरीज, विशेषकर बच्चों, की जान उपचार के अभाव में न जाए, इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं को तत्काल सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। साथ ही दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

इस अवसर पर जिला संयोजक धर्मेंद्र कुमार शर्मा की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त एवं सिविल सर्जन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में मिथिलेश कुमार गिरी (जिला प्रवक्ता), राहुल विश्वकर्मा, श्री मोहम्मद सेहराज खान तथा वरिष्ठ पत्रकार बंधुओं का प्रतिनिधिमंडल, अरविन्द विकाश के नेतृत्व में शामिल रहा।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अविलंब सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आम आदमी पार्टी बोकारो जिला इस जनहित के मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठाएगी तथा व्यापक जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button