लव मैरिज करने वाले नगर निगम कर्मी का शव फंदे से लटका मिला
पेड़ में बंधी रस्सी से ड्राइविंग सीट पर झूलता मिला युवक, परिजन बोले– हत्या, पुलिस जांच में जुटी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के बेतियाहाता स्थित पानी की टंकी परिसर में बुधवार सुबह एक नगर निगम के संविदा कर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ निवासी मुकेश पासवान (20) पुत्र मनोज पासवान के रूप में हुई है। वह नगर निगम में संविदा पर कूड़ा उठाने वाली गाड़ी का चालक था। बुधवार सुबह करीब 9 बजे उसकी ड्यूटी वाली गाड़ी बेतियाहाता स्थित परिसर में खड़ी मिली, जिसमें ड्राइविंग सीट पर मुकेश का शव पेड़ से बंधी रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल-112 को दी, जिसके बाद कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
परिजनों के अनुसार मुकेश ने करीब दो महीने पहले पड़ोस के गांव की दूसरी जाति की युवती राधा निषाद से प्रेम विवाह किया था, जिससे दोनों परिवार नाराज थे। पारिवारिक विरोध के चलते वह पत्नी के साथ शहर में किराए के मकान में रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पत्नी पति का शव देखकर बेसुध हो गई।
परिजन इस घटना को हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


