
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के गांव श्यामली श्यामला में गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक बाइक में आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चौसाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। पुलिस की जांच में मामला दुर्घटना का नहीं, बल्कि बीमा राशि पाने के लिए खुद बाइक में आग लगाने का निकला।
गुरुवार सुबह करीब नौ बजे गांव श्यामली श्यामला के बाहर एक बाइक धू-धू कर जलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे, लेकिन आग पर काबू पाने से पहले ही बाइक पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। पुलिस ने आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की तो बाइक की पहचान गांव निवासी पिंटू पुत्र राजसिंह के रूप में हुई। पुलिस ने पिंटू से आग लगने का कारण पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर उसे चौकी लाकर सख्ती से पूछताछ की गई।
पूछताछ में पिंटू ने स्वीकार किया कि उसने बाइक फाइनेंस पर खरीदी थी। आर्थिक तंगी के चलते उसकी चार किस्तें बकाया हो गई थीं। बाइक का बीमा भी कराया गया था। उसने किस्तों के बोझ से बचने और बीमा राशि प्राप्त करने की नीयत से खुद ही बाइक में आग लगा दी। युवक के खुलासे के बाद पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया है कि फाइनेंस की किस्तें बकाया होने के कारण उसने स्वयं बाइक में आग लगाई। मामले की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।