
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में शुक्रवार को हुई महज आधे घंटे की बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। वैढ़न-परसौना मुख्य मार्ग के नौगढ़ क्षेत्र में सड़क पर भारी जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा। सड़क तालाब में तब्दील होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश का पानी सड़क पर जमा होने से कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, जबकि गड्ढों में भरे पानी के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
नौगढ़ के अलावा माजन रेलवे क्रॉसिंग, जुड़वा तालाब, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने, विलौंजी कॉलेज तिराहा, होटल राजकमल सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। इससे आवागमन प्रभावित हुआ और लोगों को लंबे समय तक जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब शहर की मुख्य सड़कें ही बारिश में जलमग्न हो जाती हैं, तो वार्डों की गलियों और मोहल्लों की स्थिति का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। लोगों ने नगर निगम से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों की नियमित सफाई कराने और जलभराव वाले स्थानों पर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।



