पूर्व रेलवे महाप्रबंधक से मिले ईजरप्पा पदाधिकारी, यात्रियों की सुविधाओं को लेकर सौंपा पांच सूत्री ज्ञापन
Office bearers of EZRAPPA met the Eastern Railway General Manager and submitted a five-point memorandum regarding passenger amenities.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़/कोलकाता। ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन (ईजरप्पा) हावड़ा मंडल के अध्यक्ष-सह-भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय एवं सचिव राणा शुक्ला ने पूर्व रेलवे मुख्यालय, कोलकाता में महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर से उनके कार्यालय में मुलाकात कर रेल यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक शिवराम मांझी भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सबसे प्रमुख मांग रामपुरहाट से साहिबगंज के बीच नई मेमू ट्रेन के परिचालन की उठाई। प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन दोपहर 1:15 बजे रामपुरहाट से रवाना होकर शाम तक साहिबगंज पहुंचे तथा अगले दिन सुबह 9 बजे साहिबगंज से चलकर तीनपहाड़, बरहरवा, पाकुड़, मुरारोई होते हुए पुनः रामपुरहाट पहुंचे। इससे हजारों दैनिक यात्रियों, छात्रों एवं कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलने की बात कही गई। इसके अलावे पूर्व में उठाई गई मांगों को दोबारा स्मरण कराते हुए ईशाकपुर एलसी गेट संख्या-39 (पाकुड़ वेस्ट केबिन) एवं एलसी गेट आईसी-टुसी, मालपहाड़ी अंतरराज्यीय मार्ग पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कोलकाता– काजीरंगा साप्ताहिक एक्सप्रेस का पाकुड़ स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी रखी। वही प्रसिद्ध पत्थर व्यवसायी लुतफल हक द्वारा पाकुड़ एवं रामगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले चार अनुदानित वाटर कूलर (फ्रिज) को रेलवे के अधीन लेने का अनुरोध किया गया, ताकि यात्रियों को स्वच्छ पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ऑटो स्टैंड में हाईमास्ट लाइट एवं आधुनिक वीडियो वॉल स्थापित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल थी। करीब 40 मिनट तक चली बैठक में विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा से जुड़े सभी व्यवहारिक एवं अधिकार क्षेत्र के मामलों में आवश्यक कदम उठाए जायेंगे। उन्होंने बताया कि रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू ट्रेन परिचालन के संबंध में मुख्य यात्री संचालन प्रबंधक रौशन कुमार को समय-सारिणी तैयार करने के निर्देश दिए गये हैं और जल्द ही इस पर सकारात्मक निर्णय लिया जायेगा। महाप्रबंधक ने बताया कि कोलकाता–काजीरंगा साप्ताहिक एक्सप्रेस के पाकुड़ ठहराव के प्रस्ताव पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ईशाकपुर एलसी गेट संख्या-39 पर रोड ओवर ब्रिज निर्माण को जांच उपरांत स्वीकृति मिल चुकी है। हालांकि मुरारोई–बरहरवा रेलखंड पर दो अतिरिक्त रेल लाइनों के प्रस्तावित निर्माण के कारण परियोजना में कुछ विलंब हो रहा है। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा। साथ ही एलसी गेट आईसी-टुसी, मालपहाड़ी मार्ग पर भी पुनः सर्वेक्षण कराने का आदेश दिया गया है। महाप्रबंधक ने पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर के ऑटो स्टैंड में हाईमास्ट लाइट एवं वीडियो वॉल लगाने की अनुमति प्रदान किए जाने की भी जानकारी दी। बैठक के बाद ईजरप्पा पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन के सकारात्मक रुख से क्षेत्र के रेल यात्रियों को जल्द ही बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।



