पिलखुवा पुलिस का सख्त एक्शन , 13 उपद्रवी दबोचे

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
पिलखुवा। जनपद हापुड़ की पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जिला एवं सत्र न्यायालय हापुड के समक्ष पेश कर विधिक प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह के निर्देश पर पिलखुवा कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अतुल चौहान के नेतृत्व में पिलखुवा क्षेत्र में अपराधियों, वारंटियों और कानून व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार को पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 13 लोगों को गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कस्तला कासमाबाद निवासी पप्पू कुमार, सनी, लव कुमार, यशवंत, दुष्यंत और अविनाश, ग्राम लाखन निवासी मोन्टी तोमर, अनवरपुर निवासी हर्षित, शिवम, गौरव, अनुराग और अमन के अलावा वर्तमान में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हिण्डालपुर में रह रहे अवध बिहारी गुप्ता शामिल हैं।
कोतवाली प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा न्यायालय से जारी वारंटों के प्रभावी अनुपालन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराधियों, वारंटियों और कानून व्यवस्था भंग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई को मारवाड़ चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक गौरव वशिष्ठ, छिजारसी चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक विवेक चौहान, उपनिरीक्षक शुभम कुमार, हेड कांस्टेबल ऋतुराज तथा कांस्टेबल विष्णु कुमार की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।


