स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर डीसी-एसपी ने की समीक्षा बैठक
10 अगस्त से शुरू होगा परेड का पूर्वाभ्यास

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। मुख्य समारोह का आयोजन गोड्डा के गांधी मैदान में किया जाएगा। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मुख्य समारोह स्थल पर मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, ध्वनि विस्तारक यंत्र और विधि-व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 10 अगस्त से सुबह 7 बजे मुख्य समारोह स्थल पर परेड का पूर्वाभ्यास शुरू किया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रगान का पूर्वाभ्यास, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद जवानों के आश्रितों को सम्मानित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। वहीं एसपी मुकेश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कमेटी के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे, जिन पर उपायुक्त ने आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।



