घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने का आरोप, मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के ईदगाह नई बस्ती निवासी एक व्यक्ति ने एक युवक और उसके तीन साथियों पर घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण समेत कीमती सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ईदगाह नई बस्ती, कांधला देहात निवासी मुनव्वर पुत्र जाज हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बीमारी का इलाज कराने के लिए पंजाब गया हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान तीन जून की रात रिजवान उर्फ अंजली पुत्र नफीस बकरे वाले और उसके तीन साथियों ने उसके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। मुनव्वर ने पुलिस को बताया कि उक्त युवक पर पहले भी उसके घर से लैपटॉप चोरी करने का आरोप है।
आरोप के अनुसार, चोरी के सामान को वापस करने का आरोपी काफी समय से आश्वासन देता रहा, लेकिन अब सामान लौटाने से इनकार कर रहा है। पीड़ित का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी हुआ सामान बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


