शामली
पठानपुरा में कीटनाशक दुकान पर कृषि विभाग की छापेमारी
चार दवाइयों के नमूने लिए, जांच रिपोर्ट आने तक दुकान बंद रखने के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। क्षेत्र के गांव पठानपुरा स्थित जगदंबा एंटरप्राइजेज पर शुक्रवार को कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर अधिकारियों ने चार कीटनाशक दवाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
अधिकारियों के अनुसार दो नमूने उप कृषि निदेशक, कृषि रक्षा सहारनपुर मंडल की टीम और दो नमूने कृषि रक्षा अधिकारी की ओर से लिए गए। जांच के दौरान कंपनियों के प्राधिकार पत्र लाइसेंस पर दर्ज नहीं मिले। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू की गई है।
अधिकारियों ने विक्रेता को जांच रिपोर्ट आने तक दुकान नहीं खोलने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी भी दी गई है। नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद दवाइयों की गुणवत्ता स्पष्ट होगी।
उप कृषि निदेशक विकास कुमार ने बताया कि किसानों की शिकायतों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर कीटनाशक दवाइयों के नमूने लेकर जांच कराई जाती है। नमूने फेल होने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।