कैराना
दवाई लेकर लौट रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार कंटेनर ने मारी टक्कर, मौत
मन्नामाजरा के पास पीछे से मारी जोरदार टक्कर, मौके पर तोड़ा दम; चार बेटों और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। दवाई लेकर घर लौट रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गांव मन्नामाजरा के सामने हुआ। कंटेनर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मोहम्मदपुर राई निवासी 65 वर्षीय महबूब पुत्र करीमुल्लाह अपनी विक्की से दवाई लेने शामली गए थे। दवाई लेकर वह वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया कि जैसे ही वह गांव मन्नामाजरा के सामने पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर ने उनकी विक्की में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महबूब सड़क पर जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सड़क पर बुजुर्ग को मृत पड़ा देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत की खबर सुनकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन शव को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी लेकर पहुंचे। बताया गया कि बाद में परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए। उधर, हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे चार बेटे और एक बेटी समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




