
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के पावन मौके पर लोनी क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। लोगों ने हाथों में धार्मिक झंडे लेकर नात-ए-पाक पढ़ते हुए पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं का संदेश दिया।
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर “सरकार की आमद मरहबा” के नारे सुनाई दिए। रास्ते में स्थानीय लोगों द्वारा जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के लिए ठंडे शरबत एवं अन्य पेय पदार्थों की व्यवस्था भी की गई।
ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मद्देनजर क्षेत्र की मस्जिदों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। जुलूस से पूर्व धार्मिक गुरुओं ने लोगों को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं पर चलने का संदेश देते हुए नेकी, सच्चाई, दया, भाईचारे, अमन और इंसानियत को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। जुलूस शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ।
