बुलंदशहर

अहमदगढ़ की एक दर्जन से अधिक सड़कों के निर्माण की मांग, डीएम को सौंपा पत्र

सड़कें जर्जर होने से ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बुलंदशहर। अहमदगढ़ क्षेत्र की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण और विभिन्न संपर्क मार्गों के निर्माण की मांग को लेकर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष डीके शर्मा ने जिलाधिकारी कुमार हर्ष से मुलाकात कर पत्र सौंपा। पत्र में एक दर्जन से अधिक प्रमुख सड़कों के निर्माण के साथ बंबे पर पुलिया निर्माण की मांग की गई है। जिलाधिकारी ने प्रस्तावित कार्यों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के अहमदगढ़ निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता डीके शर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक अनिल शर्मा इन दिनों गंभीर बीमारी के चलते दिल्ली के अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। इसके बावजूद क्षेत्र की सड़क संबंधी समस्या के संबंध में किए गए अनुरोध पर विधायक ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित कार्यों की सूची के साथ पत्र तैयार कराकर डीके शर्मा को जिलाधिकारी से मिलने के निर्देश दिए।
दिए गए पत्र में अहमदगढ़-खेलिया रोड से पापड़ी होते हुए मेवाती नगला तक जर्जर सड़क का पुनर्निर्माण, आबादी क्षेत्र में सीसी रोड व दोनों ओर नाली निर्माण, अहमदगढ़ से सालवानपुर-शेदगढ़ी होते हुए भीकमपुर तक सड़क निर्माण, दलेलगढ़ी से अकरवास कनेनी, जीराजपुर से छोटावास होते हुए कनैनी, जगदीशपुर से लालनेर तथा लालनेर से कनैनी तक खड़ंजा मार्गों के निर्माण की मांग की गई है।इसके अलावा अहमदगढ़ में नहर से बुद्धपुर बंबे तक, अहमदगढ़-पूठरी तिराहे से बुद्धपुर तक बंबे की पटरी पर तथा मुख्य हाईवे से अहमदगढ़-खेलिया मार्ग स्थित नहर के पुल तक नहर की पटरी पर सड़क निर्माण की मांग रखी गई है। बच्चू सिंह कश्यप के मकान से बैनी सिंह प्रधान के स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास से होते हुए श्मशान तक जर्जर खड़ंजे और ओम प्रकाश सिंह कश्यप के मकान से कश्यप समाज मंदिर के आगे सोमवार पैठ बाजार तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। अहमदगढ़-पूठरी मार्ग पर बंबे पर पुलिया निर्माण तथा अहमदगढ़-पहासू रोड से विभिन्न संपर्क मार्गों तक सड़क निर्माण की मांग भी पत्र में की गई है।
डीके शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण से संबंधित सूची का संज्ञान लेते हुए जल्द स्थलीय निरीक्षण कराने और इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जर्जर सड़कों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button