
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एमआईईटी पब्लिक स्कूल, पल्लवपुरम और एमआईईटी पब्लिक स्कूल, जागृति विहार में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया गया।
पल्लवपुरम स्थित विद्यालय में आयोजित विशेष सभा में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रेम, विश्वास, सम्मान और सहयोग की भावना को अभिव्यक्त किया। इस दौरान हाथ से राखी निर्माण, ‘छापो और चिपकाओ राखी’, ‘मेरी कलाई पर भारत’, कार्टून आधारित राखी, ‘राखी अभिव्यक्ति मंच’ और ‘रक्षा संकल्प पेटी’ जैसी गतिविधियां कराई गईं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पेड़ों को राखी बांधना रहा। विद्यार्थियों ने वृक्षों को राखी बांधकर प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वहीं, जागृति विहार स्थित स्कूल में राखी मेकिंग एवं थाली मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगी राखियां और आकर्षक पूजा की थालियां तैयार कर अपनी रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। रंगों, रिबन, मोतियों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से तैयार की गई राखियों और थालियों ने विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना दिया।
विद्यालयों की प्रधानाचार्याओं एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास विकसित करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ती हैं। साथ ही, ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, संवेदनशीलता, सहयोग और प्रकृति के प्रति संरक्षण की भावना भी विकसित करते हैं।
दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों ने रक्षाबंधन के पर्व को केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित न रखते हुए भारतीय संस्कृति, रचनात्मकता, पारिवारिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण का व्यापक संदेश दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की गई और सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया।




