हापुड़ की बेटियों का योगासन में जलवा, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। श्रीमती ब्रह्मादेवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मोदीनगर रोड की छात्राओं ने योगासन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ-साथ जनपद हापुड़ का नाम रोशन किया। छात्राओं की उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
21 से 23 अगस्त 2026 तक श्रीराम यूनिवर्सल स्कूल, गाजियाबाद में आयोजित CBSE जोनल योगासन प्रतियोगिता में विद्यालय की सात छात्राओं ने प्रतिभाग किया। U-19 टीम वर्ग में आयवनसारा और अरंगले ने सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं दृष्टि ने Artistic Single में टॉप-5 स्थान प्राप्त किया। U-19 टीम वर्ग में अदिति और वंशिका ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर छात्राओं का चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।
इसके अलावा 23 से 26 अगस्त तक सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, शामली में विद्या भारती द्वारा आयोजित क्षेत्रीय योगासन प्रतियोगिता में विद्यालय की 14 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न आयु वर्गों में छात्राओं ने कई पदक अपने नाम किए।
U-14 Artistic Pair में दो गोल्ड, Artistic Single में एक गोल्ड व एक ब्रॉन्ज तथा Traditional वर्ग में एक गोल्ड मेडल मिला। U-17 Artistic Pair में दो सिल्वर, रिदमिक पेयर में दो ब्रॉन्ज और Artistic Single में एक सिल्वर पदक हासिल किया गया। U-19 Artistic Pair में दो गोल्ड, Artistic Single में एक गोल्ड, रिदमिक पेयर में दो सिल्वर तथा Traditional वर्ग में एक सिल्वर पदक छात्राओं ने जीता।
छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते विद्यालय ने विद्या भारती की तीनों वर्गों की ट्रॉफियां भी अपने नाम कीं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए छात्राओं का चयन विद्यालय और जनपद के लिए गौरव की बात है।
इसी क्रम में विद्यालय में रक्षाबंधन पर्व एवं संस्कृत सप्ताह का आयोजन भी किया गया। छात्राओं ने अध्यापिकाओं और सेविकाओं को राखी बांधी। इसके साथ ही पुलिस चौकी, सरकारी अस्पताल और बैंक पहुंचकर वहां मौजूद लोगों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। छात्राओं ने लघु नाटिका के माध्यम से रक्षाबंधन के महत्व का संदेश भी दिया।
प्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी यादव ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, एकता, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। संस्कृत सप्ताह के दौरान छात्राओं ने संस्कृत भाषा एवं भारतीय संस्कृति के महत्व पर विचार व्यक्त किए। सभी कार्यक्रम प्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी यादव के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुए।



