‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर राष्ट्रीय खेल दिवस के दूसरे दिन पाकुड़ में विविध खेल का हुआ आयोजन
Various sports events were organized in Pakur on the second day of National Sports Day under the theme ‘Khelega Bharat, Jeetega Bharat’ (India Plays, India Wins).

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर जिले में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रमों के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री का वितरण, कबड्डी एवं वॉलीबॉल खिलाड़ियों का कौशल प्रदर्शन तथा ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान के तहत बास्केटबॉल गतिविधि आयोजित की गई। कार्यक्रमों के माध्यम से खिलाड़ियों और युवाओं को नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सीएसआर के तहत बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड की ओर से पाकुड़ खेल अकादमी के खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री वितरित की गई। क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड के सीएसआर मैनेजर एवं प्रतिनिधि संजय बेसरा तथा जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार मौजूद रहे। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने कहा कि उपलब्ध कराई गई खेल सामग्री खिलाड़ियों के नियमित प्रशिक्षण और प्रदर्शन को बेहतर बनाने में उपयोगी साबित होगी। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, लगन और निरंतर मेहनत के साथ अपने खेल कौशल को निखारने का आह्वान किया तथा जिले और राज्य का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड के सीएसआर मैनेजर संजय बेसरा ने कहा कि कंपनी सामाजिक दायित्व के तहत क्षेत्र में खेल एवं युवा प्रतिभाओं के विकास के लिए निरंतर सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने कंपनी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएसआर के माध्यम से प्राप्त खेल सामग्री पाकुड़ खेल अकादमी के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में काफी उपयोगी होगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके बाद डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र के कबड्डी एवं वॉलीबॉल खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न तकनीकी अभ्यास और खेल की बारीकियों का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रदर्शन के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली। राष्ट्रीय खेल दिवस के दूसरे दिन संत जोसफ विद्यालय में ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान के तहत बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए विशेष खेल गतिविधि आयोजित की गई। खिलाड़ियों ने एक घंटे तक अभ्यास करते हुए ड्रिब्लिंग, पासिंग, शूटिंग और टीम समन्वय सहित बास्केटबॉल के विभिन्न तकनीकी पहलुओं का प्रदर्शन किया। इस दौरान खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा शारीरिक फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना रहा। राष्ट्रीय खेल दिवस के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रमों से खिलाड़ियों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ। खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल को और बेहतर बनाने तथा पाकुड़ जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशिक्षक संजय भगत, रणवीर सिंह रानू, उजय रॉय, पिंकू मंडल, अक्षय बाउरी एवं प्रियेश चतुर्वेदी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



